हैंडसेट बनाने वाली चीन की कंपनी श्याओमी के फोन अब फ्लिपकार्ट पर एक्सक्लूसिव नहीं होंगे। कंपनी अब अपने स्मार्टफोन स्नैपडील और अमेजॉन ई-स्टोरों पर भी बेचेगी। श्याओमी ने पिछले सालजुलाई में अपना पहला स्मार्टफोन भारत में लांच करते वक्त फ्लिपकार्ट के साथ गठजोड़ किया था। श्याओमी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में बताया है कि 8 अप्रैल से हम दो और चैनल पार्टनर जोड़ रहे हैं। अब स्नैपडील और अमेजॉन इंडिया पर भी हमारे उत्पाद खरीद सकते हैं। ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचने के लिए श्याओमी ने रिटेल चेन द मोबाइल स्टोर के साथ भी गठजोड़ किया है। कंपनी ने दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल के साथ भी भागीदारी की है। पोस्ट में कहा गया है कि इसका मतलब है कि अब आप अपना पसंदीदा उत्पाद फ्लिपकार्ट, स्नैपडील और अमेजॉन इंडिया पर ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इसके अलावा अगर आप स्टोर में खरीदना चाहते हैं तो द मोबाइल स्टोर और एयरटेल हैं।

No comments:
Post a Comment