Monday, April 6, 2015

ल्यूमिनस ने लांच की डेकोरेटिव पंखे की रेंज

यूपीएस और इनवर्टर जैसे उत्पाद बनाने वाली ल्यूमिनस पावर टेक्नोलॉजी ने अपनी प्रोडक्ट रेंज का विस्तार करते हुए डेकोरेटिव पंखे के क्षेत्र में कदम रख दिया है। कंपनी ने इसमें ऐसे पंखे पेश किए हैं जिनमें एलईडी लाइटें लगी हैं। इन पंखों के साथ रिमोट भी दिया जा रहा है। इन डिजाइनर पंखों की कीमत 18,000 से 23,000 रुपये तक रखी गई है। यह पंखे घरेलू इस्तेमाल के अलावा व्यावसायिक स्थानों के लिए उपयुक्त हैं। भारत के बाजार में कंपनी ने बिल्कुल नई श्रेणी की पेशकश की है। कंपनी अफॉर्डेबल रेंज के डेकोरेटिव पंखे भी पेश करेगी जिसकी कीमत 7,000 रुपये होगी। कंपनी पावर सोल्यूशन जैसे कि होम यूपीएस, यूपीएस, बैटरी, बिजली के स्विच आदि के क्षेत्र में हैं। कंपनी की बहुलांश हिस्सेदारी जर्मनी की स्नाइडर इलेक्ट्रिक के पास है।

एयरटेल जीरो प्लेटफार्म पर मिलेंगे मुफ्त मोबाइल ऐप

 टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने ग्राहकों को कई तरह के मोबाइल ऐप मुफ्त में देने के लिए एयरटेल जीरो  प्लेटफार्म लांच किया है। इस प्लेटफार्म के जरिए ग्राहक बिना किसी डेटा शुल्क के ऐप्स का इस्तेमाल कर सकेंगे। एयरटेल जीरो प्लेटफार्म पर मोबाइल ऐप बनाने वाले भी खुद को रजिस्टर करा कर ग्राहकों को अपने ऐप की मुफ्त सेवा दे सकते हैं।
एयरटेल के मुताबिक ऐप विकसित करने वाली बड़ी और छोटी दोनों ही तरह की कंपनियां एयरटेल जीरो प्लेटफार्म पर आकर अपने ऐप की मुफ्त सेवा ग्राहकों को दे सकती है। भारती एयरटेल के निदेशक (कंज्यूमर बिजनेस) एस. गोपालन के मुताबिक एयरटेल जीरो के माध्यम से लाखों छोटी कंपनियां उपभोक्ताओं तक पहुंच सकती हैं जिससे सरकार के मेक इन इंडिया कार्यक्रम को सफल बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी ने ऐप विकसित करने वाली सभी कंपनियों को एयरटेल जीरो पर पंजीयन कराने के लिए कहा है ताकि वे एयरटेल के 20 करोड़ ग्राहकों तक अपनी पहुंच बना सके। 

छोटी-मझोली कंपनियों को लोन देगा मुद्रा बैंक

छोटे एवं मंझोले उपक्रमों को आसानी से लोन देने के लिए सरकार 20,000 करोड़ रुपये के माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी (मुद्रा बैंक) की स्थापना कर रही है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया किप्रधानमंत्री के हाथों इस बैंक की शुरुआत होगी। इस बैंक से छोटे कारोबारियों को आसानी से कर्ज मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015-16 के बजट में मुद्रा बैंक के स्थापना की घोषणा की गई थी।
इस बैंक की स्थापना को वित्त मंत्रालय की तरफ से कितना तवज्जो दिया जा रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगता है कि पिछले दिनों ही बैंकिंग सचिव हसमुख अधिया ने इसकी तैयारियों का जायजा लिया था। इसके तहत वैसे कारोबारियों को लोन देने की योजना बनायी गई है, जिन्हें इस समय कोई वित्त पोषण करने के लिए तैयार नहीं होता है। इन्हें अब मुद्रा बैंक की तरफ से उत्पादन, उसकी बिक्री एवं इससे संबंधित अन्य सेवाओं के लिए रिफाइनेंसिंग की सुविधा भी मिल सकेगी। इस क्षेत्र के लिए मुद्रा बैंक नियामक की भूमिका का भी निर्वहन करेगा।
मंत्रालय के मुताबिक इस बैंक की प्राथमिक जिम्मेदारी लघु-सूक्ष्म क्षेत्र के लिए नीतियां तय करना, उनका पंजीकरण, नियमन और रेटिंग करने की भी होगी। वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक मुद्रा बैंक को 20,000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जाएगी। इसके अलावा क्रेडिट गारंटी कॉर्पस के लिए भी बैंक को बजट से 3,000 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

कस्टमर सैटिसफैक्शन इंडेक्स में जेके टायर आगे

जेके टायर ने जेडी पॉवर 2015 इंडिया ओरिजनल इक्विपमेंट टायर कस्टमर सैटिसफैक्शन इंडेक्स में सर्वाधिक अंक हासिल किए हैं। जेके टायर को सालाना आधार पर किए जाने वाले टीसीएसआई अध्ययन में सबसे अधिक 881 अंक मिले हैं।
जेडी पॉवर 2015 इंडिया ओरिजनल इक्विपमेंट टायर कस्टमर सैटिसफैक्शन इंडेक्स स्टडी में 4000 से अधिक कार मालिकों की राय शामिल की गई। इनमें खासकर नई कारों के मालिक शामिल थे, जिन्होंने अपनी कार मई 2012 से अगस्त 2013 के बीच खरीदी है। सर्वे में जेके टायर को 881 अंकों के साथ कस्टमर सैटिसफैक्शन में सर्वाधिक अंक मिले हैं।
 कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, डॉ. रघुपति सिंघानिया ने बताया कि जेके टायर के इस प्रदर्शन के पीछे का मुख्य कारण इसकी बनावट (टायर डिजाइन और स्टाइलिंग) है, जिसमें इसे 881 अंक मिले और राइड (क्वालिटी और हैंडलिंग) में इसे 886 प्वाइंट मिले। उन्होंने कहा कि क्वालिटी हमारे ब्रांड प्रॉमिस का सबसे महत्वपूर्ण तत्व है। इस प्रतिबद्धता के द्वारा हमारे ग्राहकों को उच्च क्वालिटी के उत्पाद और सेवाएं प्रदान करने का हमारा फोकस मजबूत होता है। यह अवार्ड जेके टायर के निरंतर प्रोडक्ट इनोवेशन और भारतीय सड़कों की इसकी समझ को प्रदर्शित करता है। जेडी पॉवर स्टडी के अनुसार भारत में पिछले पांच सालों में टायरों को लेकर ग्राहकों की शिकायतें काफी कम हो गई हैं। यह टायरों की क्वालिटी में सुधार को दर्शाता है।

सरकारी कंपनियां भी महिला निदेशकों की नियुक्ति में दिखा रही हैं सुस्ती

 देश के स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध कंपनियों के बोर्ड में कम से कम एक महिला निदेशक की नियुक्ति को लेकर सेबी की सख्त चेतावनियों के बावजूद कंपनियों का रवैया इस बारे में ढीला-ढाला बना हुआ है। सरकारी कंपनियां भी इसमें सुस्ती दिखा रही हैं। पंजाब नेशनल बैंक, ओएनजीसी, गेल, एनटीपीसी और सेल सहित सार्वजनिक क्षेत्र की 32 कंपनियों (पीएसयू) ने अब तक सेबी के इस निर्देश को लागू नहीं किया है।
प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के मुताबिक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध 180 कंपनियों ने अपने बोर्ड में अबतक महिला निदेशकों को नियुक्त नहीं किया है। सेबी के निर्देश का पालन न करने वाली इन कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल), कंटेनर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, पावर फायनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) और रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन (आरएफसी) जैसी सरकारी कंपनियां भी शामिल हैं। सेबी ने सूचीबद्ध कंपनियों से 1 अप्रैल तक अपने बोर्ड में कम से कम एक महिला निदेशक नियुक्त करने को कहा था।
आंकड़ों के मुताबिक इस साल 1 अप्रैल तक कुल 872 कंपनियों ने 832 महिलाओं को निदेशक के 912 पदों पर नियुक्त किया है। इन 872 कंपनियों में से 43 कंपनियों में सेबी के निर्देश से पहले ही महिला निदेशक मौजूद थीं। इन कंपनियों ने सेबी के निर्देश के बाद और महिला निदेशकों को बोर्ड में शामिल किया है। इसके अलावा 829 कंपनियों ने सेबी के निर्देश के बाद बोर्ड में महिला निदेशक को नियुक्त किया है। इनमें से 278 कंपनियों ने मार्च में यह नियुक्तियां की हैं। महिला निदेशकों की नियुक्ति की समय सीमा बढ़ाए जाने की संभावनाएं न दिखने पर इन कंपनियों ने अंतिम क्षणों में अपने बोर्ड में महिला निदेशकों की नियुक्ति की है। आंकड़ों के मुताबिक हाल में की गई महिला निदेशकों की नियुक्ति के बाद एनएसई में सूचीबद्ध कुल 1,456 कंपनियों में निदेशक के 1,431 पदों पर 1,222 महिलाएं नियुक्त हैं। इनमें से 671 महिलाएं नॉन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के 713 पदों पर नियुक्त हैं।

Sunday, April 5, 2015

शेल का शेल रिमूला टी5 10डब्ल्यू-30 ल्यूब्रिकेंट बाजार में

 ल्यूब्रिकेंट बनाने वाली कंपनी शेल ल्यूब्रिकेंट्स ने टाटा मोटर्स की साझेदारी में शेल रिमूला टी 5 ई 10 डब्ल्यू-30 लांच किया है, जो 3 फीसदी से ज्यादा ईंधन की बचत का दावा करता है। यानी इसके इस्तेमाल से प्रति ट्रक सालाना करीब 40,000 रुपये के बराबर की बचत होती है। हैवी ड्यूटी डीजल इंजन ऑयल्स रिमूला के पोर्टफोलियो में नया उत्पाद जुड़ा है और इस उत्पाद में सेमी-सिंथेटिक बेस ऑयल्स (जीटीएल) एवं उच्च प्रदर्शन वाला योजक का उन्नत मिश्रण है। टाटा के इंजनों में पाया गया कि यह कम ईंधन खपत में मदद करता है और पूरी क्षमता के साथ परिचालन दबाव एवं तापमान में इंजन को सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम है। ऐसे में यह हैवी ड्यूटी ट्रक और बस के बेड़ों का परिचालन करने वाले ऑपरेटरों के लिए उपयुक्त है।

दिल्ली में खुला पहला होंडा सर्टिफाइड प्री ओन्ड आउटलेट

होंडा मोटरसायकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने दिल्ली की पहली होंडा सर्टिफाइड प्रीओन्ड आउटलेट बेस्ट डील का उद्घाटन किया है। आउटलेट उत्तर नगर में है। बेस्ट डील प्रीओन्ड टू व्हीलर्स लेने वाले ग्राहकों के लिए ओरिजनल होंडा उत्पादों की पेशकश करती है। बेस्ड डील के तहत एक ग्राहक अपनी पुरानी टूव्हीलर के बदले सर्टिफाइड प्री ओन्ड होंडा टू व्हीलर खरीद सकता है। दिल्ली में बेस्ट डील आउटलेट भारत में अपनी तरह का 76 वां आउटलेट है।