Sunday, April 5, 2015

सिएट उतरा क्रिकेट गियर बिजनेस में

 सिएट ने देश में क्रिकेट के शौकीनों के लिए सिएट क्रिकेट गियर लांच करने की घोषणा की है। लांच की गई रेंज में जूनियर और एडल्ट कैटेगरीज में उपलब्ध बैट, बैटिंग पैड, बैटिंग ग्लब्स और हेलमेट शामिल है। यह पहल सिएट द्वारा देश में खेल को बढ़ावा देने और पेशेवरों व शौकीनों को वाजिब कीमतोें पर विश्व स्तरीय क्रिकेट गियर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम है। सिएट क्रिकेट गियर में इंगलिश और कश्मीरी विलो संस्करण के बैट अमेजॉन और फ्लिपकार्ट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। क्रिकेट गियर देश में सिएट शापर्स पर भी उपलब्ध होगा। सिएट लिमिटेड के वीपी मार्केटिंग, नीतीश बजाज ने कहा कि हम सिएट क्रिकेट गियर लांच करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। खास कर ऐसे समय में जब देश क्रिकेट के बुखार की गिरफ्त में है।

रिएलाइजिंग डॉट इन का 8 महानगरों में होगा विस्तार

भारत में बिल्डर परियोजनाओं के लिए एक स्वतंत्र और पारदर्शी रीयल एस्टेट सर्च एंड डिस्कवरी प्लेटफार्म रिएलाइजिंग डॉट इन भारत के प्रमुख महानगरों में तेजी से अपना विस्तार कर रहा है। दिल्ली एनसीआर के बाजार में उपभोक्ताओं का भरोसा जीत लेने के बाद, रिएलाइज़िंग ने हाल ही में बंगलूरू में भी अपनी सेवाएं लांच की है। रीएलाइजिंग डॉट इन के संस्थापक और सीईओ विवेक अग्रवाल ने बताया कि हमें बंगलूरू के उपभोक्ताओं से भी बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। बंगलूरू भारत का एकमात्र शहर है जहां रीयल एस्टेट का बाज़ार आज भी बेहद सक्रिय है और रिहायशी संपत्ति के लिए निवेशकों के बजाए अंतिम उपयोगकर्ताओं की मांग अधिक है।

युपटीवी का एप्प एक्सबॉक्स 360 पर

 युपटीवी ने माइक्रोसॉफ्ट के एक्सबॉक्स360 पर अपने ऐप्लीकेशन को लांच किया है। युपटीवी द्वारा चैनलों की व्यापक श्रृंखला, अनलिमिटेड मूवीज, लाइव टीवी, और टीवी शोज के साथ विश्वस्तरीय व्यूइंग अनुभव की पेशकश की जाती है। यह सभी कंटेंट 11 दक्षिण-एशियाई भाषाओं में उपलब्ध है। युपटीवी ऐप्प अब एक्सबॉक्स 360 का इस्तेमाल करने वाले दर्शकों के लिए उपलब्ध होगा। यह वैश्विक दर्शकों को सर्वश्रेष्ठ मनोरंजन प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है। युपटीवी के मौजूदा एवं नये ग्राहक ऐप्प को एक्सबॉक्स 360 मार्केटप्लेस से मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं। नये ग्राहक युपटीवी साइट पर ऑनलाइन सब्सक्राइब कर अपने पसंदीदा युपटीवी चैनल देखने के लिए एक्सबॉक्स 360 को अधिकृत भी करा सकते हैं।

बजाज आलियांज ने लांच किया यंग एश्योर

बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने यंग एश्योर नाम से ट्रेडिशनल पार्टीसिपेटिंग इंश्योरेंस प्लान लांच किया है। इस प्लान में बच्चे के भविष्य के लिए पर्याप्त राशि सुनिश्चित करने में मदद करने के लिए स्पेशल फीचर्स हैं। बजाज आलियांज यंग एश्योर दुर्भाग्यपूर्ण घटना होने पर इन बिल्ट प्रीमियम वेवर फीचर से युक्त है। इस फीचर के साथ मृत्यु या पॉलिसी धारक की दुर्घटना में स्थाई विकलांगता की स्थिति में भविष्य का प्रीमियम माफ कर दिया जाएगा और पॉलिसी परिपक्वता की अवधि तक जारी रहेगी। इसके अलावा लाइफ एश्योर्ड की मौत होने पर डेथ बेनेफिट का भी भुगतान किया जाएगा।

इफको का टर्नओवर बढ़कर 24,700 करोड़

उर्वरक बनाने वाली देश की सबसे बड़ी सहकारी संस्था इफको ने वित्त वर्ष (2014-15) में अपने टर्नओवर में 18.48 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। बीते वित्त वर्ष में इफको का टर्नओवर 24,700 करोड़ रुपये रहा। यह वित्त वर्ष 2013-14 में 20,846 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इफको के  की ओर से जारी वक्तव्य मुताबिक टर्नओवर में यह बढ़ोतरी सॉइल न्यूट्रिएंट्स की बिक्री बढ़ने के चलते हुई है।
इफको के प्रबंध निदेशक यूएस अवस्थी ने कहा कि मौजूदा समय में ग्लोबल और घरेलू स्तर पर आर्थिक परिदृश्य अनुकूल न रहने के बावजूद टर्नओवर में यह बढ़ोतरी काफी महत्वपूर्ण है। इफको के उर्वरकों की बिक्री बीते वित्त वर्ष में बढ़ कर 111 लाख टन पर पहुंच गई। इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 96.42 लाख करोड़ टन रही थी। कंपनी ने स्वयं उत्पादित किए उर्वरकों के साथ आयातित उर्वरकों की बिक्री भी की है। इफको के देश में पांच उर्वरक कारखाने हैं। यह उड़ीसा के पारादीप, गुजरात के कांडला और कालोन और उत्तर प्रदेश के फूलपुर और आंवला में स्थित हैं।

कैडबरीज के खिलाफ 570 करोड़ की कर वंचना का मामला

चॉकलेट और कन्फेक्शनरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी कैडबरीज इंडिया लिमिटेड (अब मोंडोलेज इंडिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड) के खिलाफ 570 करोड़ रुपये की कर वंचना का मामला सामने आया है। यह मामला कंपनी द्वारा हिमाचल प्रदेश में अपनी एक ऐसी यूनिट के आधार पर कर छूट प्राप्त करने का है, जो वास्तव में चल नहीं रही है।
केंद्रीय उत्पाद शुल्क आसूचना निदेशालय (डीजीसीईआई) ने वर्ष 2011 में कैडबरीज द्वारा हिमाचल प्रदेश के बद्दी में यूनिट के आधार पर एरिया बेस्ड एक्जंप्शन लेने के मामले में जांच शुरू की थी। सूत्रों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद डीजीसीईआई ने कंपनी के खिलाफ उत्पाद शुल्क वंचना का  कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें कंपनी से 28 जुलाई 2010 से 31 जनवरी 2013 तकी की अवधि के लिए कंपनी से 231.47 करोड़ रुपये, 111.36  रुपये फरवरी 2013 से 31 दिसंबर 2013 तक के लिए और 231.47 करोड़ रुपये की पेनाल्टी के तौर पर मांगे गए हैं। 

टाटा स्काई के 30 हजार ग्राहकों की सेवाएं प्रभावित

डायरेक्ट टू होम (डीटूएच) सेवा देने वाली कंपनी टाटा स्काई के करीब 30 हजार ग्राहकों की सेवाएं उसके टेक्नॉलजी अपग्रेड करने के कार्यक्रम के चलते प्रभावित हुई हैं। यह कार्यक्रम अभी दो दिन तक और चलेगा।
टाटा स्काई अपनी कंप्रेशन तकनीक को अपग्रेड करने के साथ ही नेटवर्क के दायरे को भी बढ़ा रही है। इससे वह अपने ग्राहकों तक ज्यादा चैनल पहुंचा सकेगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हरित नागपाल ने बताया कि अपग्रेडेशन के चलते टाटा स्काई के एक करोड़ से अधिक ग्राहकों में से करीब 25 हजार से 30 हजार ग्राहकों की सेवाओं में कुछ दिक्कतें आई हैं। गौरतलब है कि इससे पहले कंपनी ने मार्च 2011 में भी एक बार टेक्नॉलजी अपग्रेड किया था। उस समय इसके चलते 17 हजार ग्राहकों की सेवाएं प्रभावित हुई थीं। नागपाल ने बताया कि इस बार हमने अपग्रेडेशन और इससे सेवा के प्रभवित होने की सूचना ग्राहकों को पहले से ही दे रखी है। हम पिछले दस दिनों से इसकी सूचना देने के लिए चैनलों पर स्क्रॉल चला रहे हैं। साथ ही तीन दिन से इसकी जानकारी देने वाला विज्ञापन भी दिखाया जा रहा है।